मध्य अफ्रीकी गणराज्य के स्कूल में भीषण विस्फोट के बाद मची भगदड़, 29 बच्चों की मौत

मध्य अफ्रीकी गणराज्य के स्कूल में विस्फोट के बाद मची भगदड़।
Image Source : APमध्य अफ्रीकी गणराज्य के स्कूल में विस्फोट के बाद मची भगदड़।

बांगुई: मध्य अफ्रीकी गणराज्य की राजधानी बांगुई के एक उच्च विद्यालय में बुधवार को हुए विस्फोट और उसके बाद मची भगदड़ ने दर्दनाक त्रासदी का रूप ले लिया। इस घटना में 29 स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि 250 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी की गई।

कैसे हुआ विस्फोट?

यह हादसा बार्थेलेमी बोगांडा उच्च विद्यालय में उस समय हुआ जब परिसर में लगे एक विद्युत ट्रांसफार्मर की मरम्मत के बाद उसमें फिर से बिजली आपूर्ति बहाल की जा रही थी। मरम्मत के दौरान ही भीषण विस्फोट हो गया।

अधिकतर पीड़ित छात्राएं

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, विस्फोट के बाद मची भगदड़ में 16 छात्राओं समेत अधिकांश लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। 250 से अधिक घायलों का इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

परीक्षा के दौरान मौजूद थे 5,000 छात्र

घटना के समय विद्यालय में करीब 5,000 छात्र परीक्षा देने के लिए मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षा के बीच अचानक तेज धमाके की आवाज आई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। छात्र एल्विन यालिगाओ ने बताया, “इमारत हिलने लगी, हर कोई घबरा गया। लोग जान बचाने के लिए दौड़ने लगे।”कुछ छात्र जान बचाने के लिए इमारत से कूद पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई, जबकि कुछ की जान ऊपरी मंजिलों पर भगदड़ में दबने से चली गई।

सरकार ने दिया जांच का आदेश

सरकार ने इस भयावह घटना पर गहरा शोक जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। यह हादसा देश में बुनियादी ढांचे की बदहाली और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े करता है।

Leave a Comment